दमोह जिले के तारादेही थाना पुलिस ने रविवार रात बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। यह शराब जंगल में छिपाकर रखी गई थी, जिसे आरोपी पुलिस को देख छोड़कर भाग गए। एक अप्रैल से नए शराब ठेके शुरू होने वाले हैं, जिससे पहले शराब माफिया अवैध तरीके से शराब खपाने में लगे हैं।
थाना प्रभारी राजीव पुरोहित ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य मार्ग पर चेकिंग लगाई। पुलिस को देखते ही कार चालक वाहन मोड़कर जेतगढ़ की ओर भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन पोड़ी और बम्होरी मार्ग पर कार खड़ी मिली। तलाशी के दौरान पास के जंगल में 21 पेटी शराब बरामद हुई, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे। अंधेरे में तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस ने कार क्रमांक एमपी 20 जेडपी 4029 को जब्त किया, जो बिल्कुल नई बताई जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, बरामद अवैध शराब की कीमत 1 लाख रुपए, जबकि जब्त कार की कीमत 9 लाख रुपए आंकी गई है, जिससे कुल 10 लाख रुपए का माल जब्त किया गया। गौरतलब है कि शराब के नए ठेके शुरू होने से पहले पुराने ठेकेदार अपना स्टॉक खत्म करने के लिए ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब की बिक्री करवा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।