सुहागले की मिठाई खाने से एक ही परिवार के 18 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक की हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर किया गया है।
नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव निवासी पटेल परिवार ने बुधवार को त्रिपुर सुंदरी मंदिर में सुहागले का कार्यक्रम आयोजित किया था। सुहागलों के लिए भेड़ाघाट चौराहे स्थित एक स्वीट्स हाउस से चार किलो मिठाई खरीदी गई थी। प्रसाद के रूप में वही मिठाई खाने के बाद लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। तबीयत बिगड़ने पर पीड़ितों को गोटेगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जबलपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर किया गया है। पीड़ित परिवार के रिश्तेदार रोहित पटेल ने बताया कि फिलहाल सभी लोगों का इलाज जारी है। मामले की सूचना भेड़ाघाट थाना पुलिस को भी दे दी गई है।
पढे़ं: पुलिस कस्टडी में आरोपी ने लगाई फांसी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल; 151 में पुलिस ने पकड़ा था
दूषित मिठाई खाने से नीरज पटेल (40), दिलीप पटेल (42), गीता पटेल (35), कैलाश पटेल (58), ऋषिकेश पटेल (26), ममता पटेल (55), रूपाली पटेल (30), रामरतन पटेल (77), बत्ती पटेल (72), रामशरण पटेल (68), आरती पटेल (34) और उनके दो बच्चों सहित अन्य लोग बीमार हुए हैं। इंद्रपाल पटेल (44) को नागपुर रेफर किया गया है, जबकि विजय पटेल (61) और उनकी पत्नी को गोटेगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खाद्य विभाग के प्रभारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में टीम ने बीकानेर स्वीट्स से पिस्ता बर्फी के नमूने लेकर जांच के लिए भोपाल स्थित लैब भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।