झाबुआ जिले के थांदला के समीप गांव मियाटी में गौ हत्या का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को औजारों सहित मौके से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, चार अन्य आरोपी फरार हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि गांव मियाटी के काछला फलिया में कुछ लोग गौ हत्या कर रहे हैं। सूचना के तुरंत बाद मौके पर पुलिस पहुंची और मौके से आरोपी आलिया पिता मांगू भाबोर निवासी मियाटी और जुगाली पिता भीला भूरिया निवासी मियाटी और एक अन्य आरोपी को एक चाकू, एक कुल्हाड़ी, 6 सरिया और एक लकड़ी के बड़े टुकड़े के साथ मौके से पकड़ा है।
इसके अलावा मामले के 4 आरोपी फरार है। मामले में हिंदूवादी संगठनों की सक्रियता भी देखने को मिली है। पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी के दौरान पशु मांस, एक चाकू, एक कुल्हाड़ी, छह लोहे की सरिया और मांस काटने में इस्तेमाल होने वाला लकड़ी का बड़ा गुटका बरामद किया है। पंचनामा तैयार कर सभी सामान जब्त कर लिया है।
बरामद गौवंश के अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सक के पास भेजा गया, जहां उनका परीक्षण किया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की मौजूदगी में विधि-विधान के मुताबिक अवशेषों को दफन किया गया। मामले में पुलिस ने पंचनामा बनाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से जुटाए गए सबूतों के आधार पर मामले में आवश्यक कानूनी धाराएं जोड़ी जाएंगी। मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- MP: एमपी के इस ऐतिहासिक किले में लूट, हथियारों से लैस बदमाश करोड़ों की तोप उड़ा ले गए; चौकीदार देखते रह गए
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम भास्कर गाचले, एसडीओपी राजेश सुलिया, थाना प्रभारी अशोक कनेश, नायब तहसीलदार राजेश जमरा, दलबल के साथ गांव मियाटी पहुंचे आसपास के वन क्षेत्र में व्यापक सर्च अभियान चलाया। संयुक्त अभियान का उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखना और सामाजिक तत्वों पर प्रभाव प्रभावी निगरानी रखना है।