खरगोन पुलिस ने एक महिला की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट और स्टोरी साझा करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला और उसके परिवार को बदनाम करने की नीयत से यह हरकत की थी। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा के निर्देश पर साइबर सेल खरगोन और थाना गोगावां की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रतलाम निवासी आशीष पिता मंगलदास चौहान को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना गोगावां में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गोगावां निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई है। इस आईडी के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट और स्टोरी साझा कर उसकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा था।
पढे़ं: डिलीट चैट्स और वॉट्सऐप बैकअप खंगाल रही सीबीआई, मोबाइल डेटा पर टिकी जांच की अहम कड़ी
शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान रतलाम निवासी आशीष चौहान के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि महिला के परिवार से पुरानी रंजिश के चलते उसने फर्जी आईडी बनाकर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की थी। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 15 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसका उपयोग फर्जी इंस्टाग्राम आईडी संचालित करने में किया जा रहा था।
खरगोन पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर गोपनीयता सेटिंग्स का सही उपयोग करने, अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने, प्रोफाइल फोटो लॉक रखने, टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय करने तथा किसी के साथ भी ओटीपी, बैंकिंग या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है। इस कार्रवाई में एसडीओपी भीकनगांव राकेश आर्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दीपक यादव, रितेश तायडे, प्रियंका जमरे और साइबर सेल प्रभारी दीपक तलवारे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।