मुरैना जिले में पारिवारिक रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। चिन्नोनी थाना क्षेत्र के सुर्रापुरा गांव में एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई को उस समय गोली मार दी, जब वह घर के बाहर खटिया पर सो रहा था। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है, जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार है।
जानकारी के मुताबिक, सुर्रापुरा निवासी दिलीप शर्मा मंगलवार देर रात घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान उनके चचेरे भाई सतीश शर्मा ने पीछे से उनकी पीठ पर गोली चला दी। गोली लगते ही दिलीप लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें पहले कैलारस अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मुरैना रेफर किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने ग्वालियर भेज दिया।
पढ़ें: MP में UCC बिल पास, अवैध संतान जैसे शब्द पर रोक, निकाह-हलाला और लिव-इन रिश्तों पर संहिता में क्या?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सतीश शर्मा अपनी पत्नी से चल रहे तलाक के विवाद को लेकर परिवार से नाराज था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी गांव आने पर अक्सर दिलीप शर्मा और अन्य रिश्तेदारों के यहां ठहरती थी, जिससे सतीश के मन में लंबे समय से नाराजगी थी। पुलिस इसी पारिवारिक रंजिश को वारदात की वजह मानकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही चिन्नोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ग्वालियर पहुंचकर घायल दिलीप शर्मा के बयान दर्ज किए हैं। उनकी शिकायत पर आरोपी सतीश शर्मा के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।फिलहाल आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।