सागर जिले में जिला पंचायत सदस्य ज्योति पटेल और जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी के बीच विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। इस विवाद पर पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर सीईओ विवेक केवी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बीते दिनों, ज्योति पटेल ने आरोप लगाया था कि सीईओ विवेक केवी जनप्रतिनिधियों की बातों को नजरअंदाज कर रहे थे। पटेल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह सीईओ से मिलने की कोशिश करती हैं, लेकिन सीईओ ने उनके लिए कार्यालय का दरवाजा बंद कर दिया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। उन्होंने पत्र में सीईओ विवेक केवी के व्यवहार की निंदा करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सिंह ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया और लिखा कि 27 नवंबर को जब ज्योति पटेल ने पुनः सीईओ से मिलने का प्रयास किया, तो उन्हें कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया और दरवाजा बंद कर दिया गया।
इस घटनाक्रम को लेकर दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि सीईओ का यह कृत्य जनप्रतिनिधि का अपमान है और यह अधिकारियों की अनुशासनहीनता को दर्शाता है, जिससे प्रदेश की नौकरशाही की छवि प्रभावित हो रही है। दिग्विजय सिंह के हस्तक्षेप के बाद कांग्रेस के नेताओं का हौसला बढ़ने की उम्मीद है, क्योंकि अब पार्टी के बड़े नेता इस तरह के मामलों में उनके साथ खड़े हैं।