टीकमगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र में अवैध मुरम उत्खनन को रोकने गई खनिज विभाग की टीम पर हमला होने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर खनिज विभाग की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष के दो मजदूरों ने खनिज टीम पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत की है, जिस पर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है, जिसका वीडियो शनिवार को सामने आया। खनिज अधिकारी विपुल रावत ने बताया कि उन्हें ग्राम मिनौरा स्थित भेड़ फार्म की पहाड़ी पर अवैध मुरम उत्खनन की सूचना मिली थी। सूचना के बाद खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां एक ट्रैक्टर के जरिए अवैध खनन किया जा रहा था।
खनिज टीम को देखते ही मौके पर मौजूद लोग भागने लगे। इस दौरान अफरा-तफरी में एक मजदूर को सिर में चोट लग गई। खनन कर रहे लोग ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। खनिज टीम ने नियमों के तहत ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और उसे लेकर वापस लौटने लगी। खनिज अधिकारी के अनुसार, जब टीम जब्त ट्रैक्टर को लेकर लौट रही थी, तभी बाइक और स्कूटर से आए चार लोगों ने रास्ते में ट्रैक्टर के सामने अपने वाहन खड़े कर दिए और उसे छुड़ाने का प्रयास किया।
ये भी पढ़ें- MP: सीधी में मिला रहस्यमयी जीवाश्म, 12 मीटर लंबी हड्डियां व बड़े-बड़े दांतों की क्या है कहानी? कहां हैं अधिकारी
इस दौरान विवाद बढ़ गया और खनिज निरीक्षक कुलदीप जैन को चोटें आईं। खनिज अधिकारी विपुल रावत ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके साथ और टीम के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की तथा शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। पुलिस ने खनिज विभाग की शिकायत पर आरोपी अरविंद राय, रवि राय, जितेंद्र राय (निवासी कुंडेश्वर) और चंदू आदिवासी (निवासी मिनौरा) के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
वहीं, घटना के बाद घायल हुए दो मजदूर भी कोतवाली थाना पहुंचे और उन्होंने खनिज टीम पर मारपीट करने का आरोप लगाया। मजदूरों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान उनके साथ बल प्रयोग किया गया, जिससे वे घायल हुए। कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह घोष ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों का मेडिकल परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।