परदे पर भगवान शिव का किरदार निभाकर कई कलाकारों ने पहचान बनाई है, लेकिन अभिनेता तरुण खन्ना उन चुनिंदा अभिनेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने टीवी सीरियल, फिल्मों और स्टेज शो को मिलाकर अब तक 17 बार भगवान शिव की भूमिका निभाई है। इन दिनों वे अपने आगामी शो “हे भगवान कितना बदल गया इंसान” की शूटिंग के सिलसिले में उज्जैन में हैं, जिसमें वे एक बार फिर महादेव की भूमिका में नजर आएंगे।
बातचीत में तरुण खन्ना ने कहा कि यह सब भगवान शिव की कृपा से संभव हो पाया है। उन्होंने कहा, “माता-पिता, गुरुओं और महादेव की कृपा नहीं होती तो मुझे बार-बार यह भूमिका निभाने का अवसर नहीं मिलता। मैं इतना बड़ा अभिनेता नहीं हूं कि मुझे ही हर बार यह किरदार दिया जाए। कई बार ऐसा हुआ है कि एक ही समय में दो अलग-अलग चैनलों के शो में मैं भगवान शिव की भूमिका निभा रहा था।”
टाइपकास्ट होने के सवाल पर उन्होंने कहा, “लोग कहते हैं कि मैं टाइपकास्ट हो गया हूं, लेकिन मुझे गर्व है कि मैं महादेव की भूमिका में टाइपकास्ट हूं। भगवान शिव की गरिमा ऐसी है कि यह भूमिका किसी को भी नहीं मिलती। अगर व्यक्तित्व में विशेषता होगी तभी लोग आपको भगवान का किरदार सौंपेंगे। मैं इसे सम्मान मानता हूं।”
‘देवों के देव महादेव’ में हुए थे रिजेक्ट
तरुण खन्ना ने बताया कि उन्होंने लोकप्रिय माइथोलॉजिकल शो देवों के देव महादेव में भगवान शिव की भूमिका के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन यह किरदार उन्हें नहीं मिला। यह भूमिका अभिनेता मोहित रैना को मिली थी। उन्होंने कहा, “शुरुआत में किसी और शो के लिए बात चल रही थी, लेकिन बाद में प्रोजेक्ट बदल गया। उस शो में मैंने रावण की भूमिका निभाई थी। रावण का किरदार करते हुए मैंने शिव पर काफी शोध किया और निजी जीवन में शिवभक्त बन गया। कई बार भगवान से पूछा कि मुझसे कहां चूक हो गई, लेकिन शायद उन्होंने मेरी सुन ली। उसके बाद एक के बाद एक शो में मुझे शिव की भूमिका मिलती गई।”
फिल्म में मिला था पहला मौका
तरुण खन्ना ने बताया कि अधिकांश लोग मानते हैं कि उन्हें पहली बार 2016 में कर्मफल दाता शनि में शिव की भूमिका मिली, लेकिन वास्तव में उन्होंने 2014 में सागर आर्ट्स निर्मित मायथोलॉजिकल 3D फिल्म अरासुरी माँ अम्बे में पहली बार भगवान शिव का किरदार निभाया था। इसके बाद उन्हें कर्मफल दाता शनि का ऑफर मिला। उन्होंने कहा कि आज भी भगवान शिव की भूमिका निभाते समय वे थोड़ा नर्वस हो जाते हैं।
ये भी पढ़ें- Khargone : लेखाधिकारी महेंद्र सिंह 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, निर्माण कार्य से जुड़ा है मामला
शो में ईमानदार वकील महेश शर्मा की भूमिका निभा रहे अभिनेता जयशंकर त्रिपाठी ने कहा कि उज्जैन में शूटिंग करने से उन्हें अपने किरदार के मूल्यों को और गहराई से समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा, “यहां की आस्था और श्रद्धा का वातावरण कहानी को वास्तविकता और भावनात्मक गहराई देता है। स्थानीय लोगों की सादगी और आत्मीयता प्रेरणादायक है। शूटिंग के दौरान मैंने घाटों पर लोगों से बातचीत की और पारंपरिक पोहा-जलेबी का स्वाद भी लिया। यह अनुभव मेरे लिए व्यक्तिगत और आध्यात्मिक दोनों स्तर पर खास रहा।”