जोधपुर पहुंचे केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को अपने निवास पर जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। साथ ही देश की राजनीति, प्रधानमंत्री के विदेशी दौरे और जोधपुर के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।
राहुल गांधी पर कसा तंज
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के बावजूद राहुल गांधी अपने पद की गरिमा, दायित्व और जिम्मेदारी को नहीं समझ पा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “बच्चा बड़ा हो गया है, लेकिन बुद्धि अभी भी बच्चे वाली ही है।”
प्रधानमंत्री के विदेशी दौरों का किया बचाव
शेखावत ने कहा कि भारत में हमेशा यह परंपरा रही है कि जब भी देश का प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर जाता है, तब सभी राजनीतिक दल राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब तत्कालीन प्रधानमंत्री पर श्रीलंका में गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान हमला करने की कोशिश हुई थी, तब भारतीय जनता पार्टी ने मजबूती के साथ सरकार का समर्थन किया था और घटना की निंदा की थी।
यह भी पढ़ें- राजस्थान में पड़ रही भीषण गर्मी, गाड़ी में दो बच्चियों की गई जान...एमडी पीडियाट्रिक्स ने बताया कारण
वैश्विक परिस्थितियों में भारत की बढ़ती भूमिका
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण हैं और पूरी दुनिया भारत की ओर उम्मीद और विश्वास की नजर से देख रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में प्रधानमंत्री के विदेशी दौरों को लेकर की गई टिप्पणियां दुर्भाग्यपूर्ण हैं। भारत के हितों को ध्यान में रखते हुए सेमीकंडक्टर, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, वॉटर टेक्नोलॉजी और मोबिलिटी एग्रीमेंट जैसे महत्वपूर्ण समझौते किए जा रहे हैं, जो विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।
कांग्रेस की राजनीति पर भी बोले शेखावत
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हाल ही में हुए पांच राज्यों के चुनावों में कांग्रेस को जनता ने नकार दिया है और पार्टी लगातार सिमटती जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वर्तमान नेतृत्व शैली और मानसिकता के कारण जनता अब उन्हें पूरी तरह अस्वीकार कर रही है।
जोधपुर को मिली नई रेल सुविधाएं
जोधपुर के विकास और रेल सुविधाओं को लेकर भी केंद्रीय मंत्री ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस को मिली व्यापक सफलता के बाद अब उसके कोच बढ़ाए जा रहे हैं। इसके साथ ही गुजरात के कच्छ क्षेत्र से जालौर होते हुए दिल्ली तक नई रेल सेवा शुरू होने जा रही है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “जोधपुर का बेटा होने के नाते जब भी मैंने जोधपुर के लिए कुछ मांगा, रेल मंत्री ने उससे अधिक दिया। इसके लिए मैं उनका हृदय से अभिनंदन करता हूं।”