राजस्थान के कोटा जिले में आयोजित कोटा प्रीमियर लीग का फाइनल मैच रविवार को नयापुरा स्थित जीके पवेलियन अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला गया। जीआर जयपुर और कोटा डीसीए के बीच हुए इस मुकाबले को देखने बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। फाइनल मैच के दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी स्टेडियम पहुंचीं, जिनकी एक झलक पाने के लिए हजारों लोग मौजूद थे।
अभिनेत्री के पहुंचते ही बढ़ी हलचल
शिल्पा शेट्टी मुंबई से फ्लाइट के जरिए जयपुर पहुंचीं और वहां से विशेष विमान द्वारा कोटा एयरपोर्ट आईं। एयरपोर्ट से वह कुछ समय के लिए निजी होटल में रुकीं और इसके बाद स्टेडियम के लिए रवाना हुईं। जैसे ही वह स्टेडियम पहुंचीं, दर्शकों की भीड़ उनके साथ सेल्फी लेने के लिए उमड़ पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान सुरक्षा गार्ड्स और भीड़ के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पढ़ें- दौसा दृश्यम कांड: ड्रोन सर्वे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर खुदाई शुरू, क्या स्पॉट हुआ टिल्लू का कंकाल?
संबोधन में जताया आभार
स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को संबोधित करते हुए शिल्पा शेट्टी ने कोटा जिला क्रिकेट एसोसिएशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें यहां आने का अवसर मिला, इसके लिए वह धन्यवाद देती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि कोटा में उनके इतने प्रशंसक मौजूद हैं।
फाइनल में कोटा डीसीए की जीत
जीआर जयपुर और कोटा डीसीए के बीच हुए फाइनल मुकाबले में कोटा डीसीए की टीम विजेता रही। मैच के बाद आयोजित कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने विजेता टीम को बधाई दी और दोनों टीमों को पुरस्कार वितरित किए। कोटा डीसीए को 11 लाख रुपए का पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह का माहौल देखा गया।