ईरान द्वारा यूएई और दुबई पर लगातार किए जा रहे हमलों के बाद स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई है। इन हालातों के बीच राजस्थान के कई लोग, खास तौर पर छात्र, दुबई और अबू धाबी जैसी जगहों पर फंसे हुए हैं। सरकार की ओर से उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। कोटा जिले के भी कुछ छात्र और अन्य लोग गल्फ कंट्री में फंसे बताए जा रहे हैं। परिजन लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और सुरक्षित वापसी की कोशिशें कर रहे हैं।
सिद्धार्थ जैन के परिवार की चिंता
दुबई में फंसे कोटा के छात्र सिद्धार्थ जैन के पिता राजकुमार जैन ने बताया कि उनका बेटा दुबई के अकैडमी एजुकेशन जोन में है और फिलहाल हॉस्टल में ठहरा हुआ है। बेटे से बातचीत के दौरान उन्हें पता चला कि हॉस्टल के पास ही एक मिसाइल से हमला हुआ है। आसपास समय-समय पर धमाकों की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं, जिससे बच्चों में दहशत का माहौल है। राजकुमार जैन ने बताया कि वे लगातार वीडियो कॉलिंग के माध्यम से बेटे से संपर्क में हैं और उसका हौसला बढ़ा रहे हैं। साथ ही सरकार से अपील की जा रही है कि उनके बेटे को सुरक्षित भारत लाया जाए।
नंदिनी जैन भी दुबई में मौजूद
कोटा की नंदिनी जैन भी दुबई में हैं। उनके पिता अंकलंक जैन ने बताया कि नंदिनी बीटेक की पढ़ाई के लिए इसी वर्ष वहां गई थी। उनसे नियमित बातचीत हो रही है और उन्हें 10 से 15 दिन का राशन, पानी, पैसे और दवाइयां अपने पास रखने की सलाह दी गई है। नंदिनी के साथ मौजूद अन्य लोग फिलहाल सुरक्षित बताए गए हैं। परिवार का कहना है कि जैसे ही एयरपोर्ट संचालन सामान्य होगा, वे सरकार से सुरक्षित वापसी की अपील करेंगे। बताया गया है कि सिद्धार्थ और नंदिनी के परिवार आपस में रिश्तेदार हैं।
पढ़ें- ईरान-इजराइल तनाव का असर: जयपुर से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द, दुबई और शारजाह रूट सबसे ज्यादा प्रभावित
अबू धाबी एयरपोर्ट पर फंसी तान्या शर्मा
कोटा निवासी तान्या शर्मा भी अबू धाबी एयरपोर्ट पर फंसी हुई हैं। तान्या कनाडा में नौकरी करती हैं और करीब तीन साल बाद होली पर परिवार से मिलने भारत लौट रही थीं। वे कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए मुंबई आ रही थीं। उनके भाई सुलभ शर्मा के अनुसार, तान्या की फ्लाइट अबू धाबी पहुंच चुकी थी और मुंबई की फ्लाइट के लिए चेक-इन भी हो चुकी थी। इसी दौरान जोरदार धमाका हुआ और स्थिति असामान्य हो गई। फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से उन्हें होटल में ठहराया गया है। बीच-बीच में ही उनसे संपर्क हो पा रहा है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से लगाई गुहार
दुबई, अबू धाबी और अन्य स्थानों पर फंसे कोटा के छात्रों और लोगों के परिजनों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी गुहार लगाई है। उन्होंने भारत सरकार से समन्वय कर बच्चों को सुरक्षित वापस लाने की अपील की है। परिजनों का कहना है कि लोकसभा कैंप कार्यालय लगातार उनके संपर्क में है।