राजस्थान के कोटा जिले में एक विवाहिता की मौत के बाद परिजन और ससुराल पक्ष के बीच विवाद की स्थिति बन गई। मामला गुमानपुरा थाना इलाके के छावनी रामचंद्रपुरा क्षेत्र का है। शनिवार को महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। ससुराल पक्ष ने मौत का कारण बीमारी बताते हुए अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी, लेकिन पीहर पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम की मांग कर दी।
पीहर पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
जानकारी के अनुसार, गजराज सिंह की शादी छह वर्ष पहले उत्तर प्रदेश निवासी प्रतिमा से हुई थी। महिला की मौत की सूचना मिलने पर उसके पिता सत्येंद्र सिंह उत्तर प्रदेश से कोटा पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी। मृतका के पिता का आरोप है कि संतान नहीं होने के कारण प्रतिमा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और दहेज की मांग भी की जा रही थी। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पढ़ें- दौसा दृश्यम कांड: ड्रोन सर्वे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर खुदाई शुरू, क्या स्पॉट हुआ टिल्लू का कंकाल?
शव मोर्चरी में रखवाया, मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम
गुमानपुरा थाना अधिकारी महेश कारवाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मृतका के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। रविवार को मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पति ने आरोपों को बताया निराधार
दूसरी ओर प्रतिमा के पति गजराज सिंह ने पीहर पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि प्रतिमा के पेट में गांठ थी और उसका इलाज चल रहा था। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान ही उसकी मृत्यु हुई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।