{"_id":"6a74aab132d1146ad50496df","slug":"video-bharaica-ghaghara-ll-nashana-para-mahasa-ka-chhaha-gava-ma-bugdhha-cara-ora-pana-ab-nava-ha-sahara-2026-08-06","type":"video","status":"publish","title_hn":"बहराइच: घाघरा लाल निशान पार, महसी के छह गांवों में बाढ़, चारों ओर पानी, अब नाव ही सहारा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बहराइच: घाघरा लाल निशान पार, महसी के छह गांवों में बाढ़, चारों ओर पानी, अब नाव ही सहारा
नरेंद्र आर्य
Updated Thu, 06 Aug 2026 09:09 PM IST
Link Copied
नेपाल के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने बहराइच में बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। शारदा, गिरिजापुरी और सरयू बैराजों से छोड़े जा रहे 2.79 लाख क्यूसेक पानी के दबाव से घाघरा (सरयू) नदी एल्गिन ब्रिज पर खतरे के निशान से 14 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गई है। महसी तहसील के छह गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है, करीब 2,500 लोग प्रभावित हैं, महंतपुरवा-जोधेपुरवा गांव का सड़क संपर्क टूटने से नाव ही आवागमन का सहारा रह गई है।
एल्गिन ब्रिज पर सरयू नदी ने खतरे का निशान पार कर लिया है। बृहस्पतिवार शाम चार बजे ब्रिज पर नदी का जलस्तर 106.21 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 106.07 मीटर से 14 सेंटीमीटर ऊपर है। नदी के उफान से महसी तहसील के तटवर्ती छह गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। खेतों के बाद अब गांवों में भी पानी घुसने लगा है और करीब ढाई हजार की आबादी प्रभावित हो गई है।
नदी का पानी मांझा दरियाबुर्द ग्राम पंचायत के लोनियनपुरवा, जैतापुर के जोगलापुरवा, महंतपुरवा, जोधेपुरवा, गोलागंज, कोठार नई बस्ती समेत कई बस्तियों में फैल गया है। कई गांवों की स्थिति ऐसी हो गई है कि एक ओर नदी और तीन ओर बाढ़ का पानी है। ग्रामीणों के लिए अब नाव ही आवागमन का एकमात्र साधन बचा है। महंतपुरवा-जोधेपुरवा संपर्क मार्ग पर लगभग चार फीट पानी बहने से सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है। नाव की व्यवस्था न होने से लोग गृहस्थी का सामान भी सुरक्षित स्थानों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं।
सरयू ड्रेनेज खंड प्रथम के अनुसार बैराजों से कुल 2,79,728 क्यूसेक पानी बृहस्पतिवार शाम को छोड़ा जा रहा है। जल मापक विवेक चौधरी ने बताया कि रात से जलस्तर लगभग एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।
महसी उपजिलाधिकारी राजेश अग्रवाल ने बताया कि राजस्व टीमें लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं। प्रशासन का दावा है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है, हालांकि प्रभावित गांवों के लोगों का कहना है कि राहत एवं बचाव की व्यवस्था अभी जरूरत के अनुरूप नहीं है। ग्रामीणों ने नाव, खाद्यान्न और पशुओं के चारे की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है।
महंतपुरवा गांव निवासी राजित राम ने बताया कि सुबह तक खेत बचे थे, दोपहर में पानी गांव की तरफ बढ़ने लगा। यदि रात तक जलस्तर और बढ़ा तो घर छोड़ना पड़ेगा। मुंशीलाल ने कहा संपर्क मार्ग डूब चुका है। बीमार और बुजुर्गों को बाहर निकालना सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। लेकिन अब तक नाव की व्यवस्था नहीं है। राजकुमार ने बताया कि धान की पूरी फसल पानी में डूब रही है। अगर अगले 24 घंटे में पानी नहीं घटा तो बड़ा नुकसान होगा।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।