कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद राहुल गांधी शुक्रवार सुबह कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र के फतेहपुर गांव में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मिलने पहुंचे। हरिओम की 2 अक्टूबर को भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।
शुरुआत में परिवार ने राहुल गांधी से मिलने से इनकार कर दिया था। पुलिस ने इस दौरान राहुल गांधी के काफिले को गांव के बाहर रोक लिया। हालांकि कुछ देर बाद प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद परिवार ने मुलाकात के लिए सहमति दी, जिसके बाद राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
परिवार से बातचीत के बाद राहुल गांधी ने कहा, “कुछ दिन पहले एक दलित अधिकारी ने आत्महत्या की थी, मैं वहां गया था, और आज मैं यहां आया हूं। यह परिवार अपराधी नहीं है, बल्कि इनके साथ अपराध हुआ है। इन्हें घर में बंद कर रखा गया था, डराया जा रहा है। ये केवल न्याय मांग रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “पूरे देश में दलितों के खिलाफ अत्याचार, हत्याएं और दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। मैं मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं कि पीड़ित परिवार को न्याय दें, उनका सम्मान करें, और जो दोषी हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। उनकी रक्षा करने का प्रयास न करें।”
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि “आज सुबह सरकार ने परिवार को मुझसे न मिलने की धमकी दी थी। यह मायने नहीं रखता कि परिवार मुझसे मिला या नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण यह है कि ये लोग निर्दोष हैं और न्याय के हकदार हैं।” उन्होंने वादा किया कि कांग्रेस पार्टी परिवार को हर संभव मदद देगी और दलितों के खिलाफ अन्याय के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी।
दूसरी ओर, मृतक के भाई शिवम वाल्मीकि ने कहा कि वे सरकार की कार्रवाई से संतुष्ट हैं और किसी तरह की राजनीति नहीं चाहते। उन्होंने बताया कि हत्यारों को जेल भेजा गया है और उनकी बहन कुसुम देवी को दरियाव सिंह मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स के रूप में नौकरी मिल चुकी है।
हालांकि कांग्रेस नेताओं का कहना है कि परिवार पर प्रशासनिक दबाव बनाकर उन्हें डराया गया है। कांग्रेस प्रदेश महासचिव विवेकानंद पाठक ने कहा कि यह भाजपा सरकार की “ओछी राजनीति” है और पीड़ित परिवार की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
राहुल गांधी की मुलाकात के बाद भी मृतक के घर और गांव के आसपास प्रशासन की सख्त निगरानी जारी है। पुलिस बल अभी भी मौके पर तैनात है और इलाके में तनाव बना हुआ है।