दरभंगा जिले में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या की घटना के बाद रविवार की सुबह हिंसा भड़क गई। उपद्रवियों ने एक टेम्पो और दुकान में आग लगा दी, जबकि कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
डीएम कौशल कुमार ने जारी किया बयान
पुलिस और प्रशासन ने घटना स्थल पर मोर्चा संभाला। डीएम कौशल कुमार ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि घटना स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। डीएम कौशल कुमार ने कहा कि दुष्कर्म और हत्या के मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी को पोक्सो एक्ट के तहत सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने इलाके में मजिस्ट्रेट के साथ कड़ा बंदोबस्त किया हुआ है।
पढ़ें: पूर्णिया के लाइन बाजार में दबंगई: बिरयानी दुकान में जमकर तोड़फोड़ और मारपीट, सीसीटीवी कैमरे में कैद
आरोपी को किया गया गिरफ्तार
बीती रात बच्ची का शव फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपी विकास महतो को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन रविवार की सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर आरोपी को पब्लिक के हवाले करने की मांग की। इस दौरान पुलिस पर पथराव किया गया, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया। कई लोग हिरासत में लिए गए हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।