{"_id":"6a7eda0061a6b5604d020757","slug":"video-una-plantation-drive-2-lakh-saplings-mukesh-agnihotri-kuthar-beeth-green-cover-2026-08-14","type":"video","status":"publish","title_hn":"Green Cover Mission: ऊना में इस वर्ष लगाए जाएंगे करीब 2 लाख पौधे, कुठार बीत में 10 करोड़ से बढ़ेगा हरित आवरण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Green Cover Mission: ऊना में इस वर्ष लगाए जाएंगे करीब 2 लाख पौधे, कुठार बीत में 10 करोड़ से बढ़ेगा हरित आवरण
Ankesh Dogra
Updated Fri, 14 Aug 2026 02:34 PM IST
Link Copied
जिला ऊना में वर्ष 2026-27 के दौरान करीब 2 लाख पौधे रोपे जाएंगे। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के कुठार बीत में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने रुद्राक्ष का पौधा रोपकर जिले में पौधारोपण अभियान की शुरुआत की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाना समय की जरूरत है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि वन विभाग ने वर्ष 2026-27 में ऊना जिले में 103 हेक्टेयर नए क्षेत्र में पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। विभिन्न योजनाओं के तहत करीब दो लाख पौधे लगाए जाएंगे।
इनमें नए पौधारोपण के तहत करीब 12 हजार, राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत 17 हजार, पुराने पौधारोपण क्षेत्रों के रखरखाव के तहत 16 हजार और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत करीब 60 हजार पौधे शामिल हैं। इसके अलावा बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रतिपूरक वनीकरण के तहत 72 हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 80 हजार पौधे लगाए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुठार बीत क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने और वन संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को गति देने के लिए बल्क ड्रग पार्क परियोजना के तहत वन विभाग को 10 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बल्क ड्रग पार्क की एवज में 198.5 हेक्टेयर भूमि पर प्रतिपूरक वनीकरण के तहत कुल 2,18,350 पौधे लगाए जाएंगे। इनमें से 72 हेक्टेयर वन भूमि पर वर्ष 2026-27 में पौधारोपण किया जा रहा है। इसके अलावा कुठार बीत में 126.5 हेक्टेयर भूमि पर ग्रीन बेल्ट विकसित करने का कार्य उद्योग विभाग के सहयोग से जारी है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कुठार बीत के तालाब का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके आसपास के क्षेत्र को पार्क के रूप में विकसित करने के साथ वॉकिंग ट्रेल्स भी बनाई जाएंगी। इससे स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण के साथ सैर और मनोरंजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि भूजल स्तर बनाए रखने के लिए बारिश के पानी को जमीन के भीतर पहुंचाना जरूरी है। बीत क्षेत्र में बनाए गए तालाब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं। सरकार क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत ऊना जिले में 21 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण किया जा रहा है। हरोली विधानसभा क्षेत्र के भदसाली में भी दो हेक्टेयर क्षेत्र में पौधे लगाए जा रहे हैं।
इस योजना में महिला मंडलों, युवक मंडलों और स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। लगाए गए पौधों के 50 प्रतिशत से अधिक जीवित रहने पर संबंधित मंडलों और समूहों को एक लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ महिलाओं और युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार वन अपराधों पर रोक लगाने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से वन संरक्षण अभियान में सरकार और वन विभाग का सहयोग करने की अपील की।
वन महोत्सव स्थल पर उपमुख्यमंत्री के आह्वान पर अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने अमरूद, आंवला, कचनार, हरड़ और बेहड़ा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। लोगों को पौधे भी वितरित किए गए, ताकि वे अपने घरों और आसपास पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।
इससे पहले डीएफओ विकल्प यादव ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया और वन विभाग की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत सिंह राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर, अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडल, युवक मंडल, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।