{"_id":"6a6b23ba090fada10809cb87","slug":"video-lkhanauu-ma-bthathhashavara-mahathava-mathara-ma-umaugdha-aasatha-ka-salb-hara-hara-mahathava-ka-jayakara-sa-gaja-mathara-2026-07-30","type":"video","status":"publish","title_hn":"लखनऊ में बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मंदिर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखनऊ में बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मंदिर
लखनऊ में श्रावण मास के पावन प्रथम दिन मोहान रोड स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा । बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आधी रात से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें लग गईं । मंदिर परिसर से लेकर आसपास के मार्ग तक हर-हर महादेव, बम-बम भोले और ऊं नम: शिवाय के जयघोष गूंजते रहे। सुबह से देर शाम तक महिला और पुरुष श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा । देर रात 12 बजे बाबा बुद्धेश्वर की आरती के बाद मंदिर के कपाट खुले तो दर्शन के लिए भक्तों का तांता लग गया । श्रद्धालु हाथों में गंगाजल , बेलपत्र, दूध , दही , धतूरा , भांग , नारियल , फल-फूल और गन्ने का रस लेकर पहुंचे। भक्तों ने विधि-विधान से बाबा का अभिषेक और पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी । एसीपी शकील अहमद ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के साथ एलआईयू कर्मियों को भी तैनात किया गया है । पुलिस लगातार भीड़ पर नजर रख रही है । मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है ।
सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को मंदिर के भीतर कांच की बोतल ले जाने की अनुमति नहीं दी गई । भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार श्रद्धालुओं को कतार में आगे बढ़ाते रहे ।
बाबा बुद्धेश्वर के दर्शन और पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का भी जमकर आनंद लिया । बच्चों के लिए लगाए गए झूले आकर्षण का केंद्र रहे । महिलाओं की सिंगार सामग्री की दुकानों पर भीड़ नजर आई । मेले में लइया-पट्टी , नारियल, चाट-बताशे , बर्तन और रोजमर्रा के सामान की तमाम दुकानें सजी रहीं ।
मंदिर परिसर में जगह कम पड़ने पर दुकानदारों ने आलमनगर मुख्य मार्ग तक दुकानें सजा लीं । इससे पूरे इलाके में मेले जैसा माहौल नजर आया । परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने खरीदारी के साथ झूलों और खानपान की दुकानों का भी आनंद लिया ।
मंदिर के पुजारी बाबा रामूपुरी महाराज ने बताया कि श्रावण मास में बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में हर वर्ष मेला आयोजित होता है । लखनऊ के अलावा उन्नाव , रायबरेली , कानपुर , हरदोई , बाराबंकी , सुल्तानपुर समेत आसपास के कई जिलों और दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं । श्रावण मास के पहले ही दिन बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी भीड़ ने पूरे क्षेत्र को शिवमय कर दिया । देर शाम तक मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे और बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा ।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।