पेपर लीक के मामलों को लेकर देशभर में बढ़ रहे विरोध के बीच अब मध्य प्रदेश के शिवपुरी से भी आंदोलन की तैयारी शुरू हो गई है। जिले की दो छात्राओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपा है और शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन व रैली निकालने की अनुमति मांगी है।
छात्रा सौम्या चौहान और श्रुति जैन का कहना है कि वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन में शामिल नहीं हो सकीं, इसलिए अब शिवपुरी में युवाओं की आवाज बुलंद करना चाहती हैं। उनका कहना है कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं का भविष्य दांव पर लग रहा है। इसलिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
आवेदन के अनुसार, 21 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक पोलो ग्राउंड, माधव चौक पर शांतिपूर्ण धरना देने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही शहर में रैली निकालने की अनुमति भी जिला प्रशासन से मांगी गई है।
पढे़ं: सीएम यादव बोले- 'अलग-अलग मजहबी तौल कांटा नहीं चलेगा', सदन में जमकर हुआ हंगामा
छात्राओं ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया है कि यह प्रदर्शन भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19(1)(क) के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अनुच्छेद 19(1)(ख) के तहत शांतिपूर्ण सभा के अधिकार के अनुरूप आयोजित किया जाएगा। उनका कहना है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से होगा तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी।
धरना समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। इसमें पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी। फिलहाल छात्राओं के आवेदन पर जिला प्रशासन के निर्णय का इंतजार है। यदि अनुमति मिलती है तो शिवपुरी में भी पेपर लीक के खिलाफ युवाओं का बड़ा शांतिपूर्ण आंदोलन देखने को मिल सकता है।