भारत सरकार के विकसित यंग इंडिया लीडर्स डायलॉग 2025 के आयोजन में पूरे देश से लगभग 30 लाख प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में भारत के सर्वश्रेष्ठ 20 विचारकों को अपने विचार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला। इन्हीं 20 विशिष्ट प्रतिभागियों में शामिल अभिषेक सुमन मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के लटेरी के रहने वाले हैं।
अभिषेक सुमन ने "कृषि की उत्पादकता बढ़ाना" विषय पर प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत किए। उनके विचारों में भारतीय कृषि को आधुनिक तकनीकों, जैविक खेती, और युवा पीढ़ी की भागीदारी के माध्यम से सशक्त बनाने का दृष्टिकोण शामिल था। अभिषेक ने बताया कि किस प्रकार किसानों को सही संसाधनों, जागरूकता और उन्नत तकनीकों की सहायता से सशक्त किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभिषेक के विचारों की सराहना करते हुए उनके साथ कृषि और जैविक खेती के विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा, "आप जैसे युवा ही धरती माता की रक्षा करेंगे और जैविक खेती को बढ़ावा देकर देश की कृषि को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाएंगे।" उन्होंने अभिषेक को उनके गृह जिले विदिशा में जैविक खेती और कृषि सुधारों की दिशा में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के बाद अभिषेक को प्रधानमंत्री के साथ सामूहिक भोजन करने का भी अवसर प्राप्त हुआ। यह न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे लटेरी और विदिशा जिले के लिए गौरव का क्षण था। अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों और क्षेत्र के लोगों सहित नेहरू युवा केंद्र विदिशा के अधिकारियों को दिया और कहा कि यह उनके निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा का परिणाम है। नेहरू युवा केंद्र विदिशा की पहल पर ही उन्हें इस आयोजन में भाग लेने का अवसर मिला।
अभिषेक सुमन ने अपने विचारों से देश के युवाओं के लिए एक प्रेरणा प्रस्तुत की है। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि यदि युवा सही दिशा में कार्य करें, तो वे न केवल अपनी, बल्कि देश की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
विदिशा के युवाओं के लिए प्रेरणा बने लटेरी के अभिषेक
विदिशा जिले के लिए अभिषेक का यह सम्मान न केवल गौरव का विषय है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि छोटे कस्बों और गांवों के युवाओं में भी देश की दिशा और दशा बदलने की ताकत होती है। अभिषेक का अगला कदम विदिशा में जैविक खेती को बढ़ावा देना है, जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार कार्य करने का संकल्प लिया है। अभिषेक सुमन का यह योगदान उनके गांव, शहर, जिले और लटेरी को नई पहचान दिलाने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
पिता की मेहनत और परिश्रम ने दिलाई पहचान
अभिषेक सुमन मूलतः विदिशा के लटेरी के निवासी हैं। उनके एक भाई मध्यप्रदेश पुलिस में पदस्थ हैं, जबकि दूसरा भाई स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहा है। पिता की कड़ी मेहनत के चलते यह परिवार लटेरी नगर के लिए एक मिसाल बन गया है।
सिरोंज विधायक ने किया सम्मान
लटेरी के अभिषेक ने देश के प्रधानमंत्री के साथ अपने विचार साझा किए। इसके बाद स्थानीय सिरोंज-लटेरी विधानसभा के विधायक उमाकांत शर्मा ने अभिषेक का सम्मान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विधायक ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा, "लटेरी के लाल, विदिशा जिले और मध्यप्रदेश के गौरव अभिषेक सुमन आज विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद कार्यक्रम में सहभागी हुए। उन्होंने देश के महान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मुख अपने विचार व्यक्त किए। इस हेतु सिरोंज-लटेरी विधानसभा क्षेत्र की ओर से मैं प्रिय अभिषेक को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और यशस्वी जीवन की कामना करता हूं।"