झालावाड़ शहर में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक किराने की दुकान के बाहर काउंटर पर सामान ले रही दो मासूम बच्चियों को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों घायल हो गईं। इनमें से एक को झालावाड़ एसआरजी अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों बेटियां घर के पास ही दुकान पर सामान खरीद रही थीं। इसी दौरान नया तालाब के पास विद्युत पोल से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे दुकान में जा घुसा। हादसे के समय दुकान पर मौजूद दोनों मासूम बच्चियां ट्रैक्टर और काउंटर के बीच फंस गईं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
चढ़ाई पर बिगड़ा ट्रैक्टर का संतुलन
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ठेकेदारी करने वाली एक फर्म का था, जो विद्युत पोल लेकर नया तालाब की ओर से आ रहा था। चढ़ाई के दौरान अत्यधिक भार होने के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और तेज एक्सीलेटर देने से ट्रैक्टर फिसलता हुआ सीधे दुकान में जा घुसा। हादसे में दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल एसआरजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां घायल कोमल का आईसीयू में इलाज जारी है। वहीं दूसरी घायल गरिमा की जांच की जा रही है। दुकान पर मौजूद महिला दुकानदार को भी मामूली चोटें आई हैं।
यह भी पढ़ें:
'चांदीपुरा वायरस' की दस्तक: दो मासूमों की मौत के बाद अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान-गुजरात सीमा पर खौफ
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार
हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौजूद तीन अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक देखने में नाबालिग लग रहा था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश कर रही है।