बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के बल्लिया गांव में शनिवार सुबह एक पारिवारिक विवाद के दौरान 65 वर्षीय जहांगीर की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि उनके दो बेटों के बीच सबमर्सिबल के पानी को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी दौरान जहांगीर की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
उनकी सांसें थम गईं। हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने बुजुर्ग के बड़े बेटे को हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया है। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से भी इन्कार कर दिया है। पुलिस बल मौके पर तैनात है।
छोटे बेटे ने कार्रवाई से किया इन्कार
पानी के विवाद के बाद शनिवार को छोटा बेटा अपने बड़े भाई की शिकायत करने थाने पहुंचा था। इसकी जानकारी मिलने पर ही जहांगीर की तबीयत अचानक खराब हुई थी। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उनकी सांसें रुक गईं। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर ने परिजनों से मामले की जानकारी ली। बुजुर्ग के छोटे बेटे ने पुलिस से कहा है कि वह इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहता है।