राजनांदगांव में आयोजित श्रमिक सम्मान सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने जिले के औद्योगिक विकास को लेकर बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां स्टील प्लांट, यूरिया प्लांट और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर की परियोजनाओं से हजारों करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंद राम निर्मलकर ऑडिटोरियम में श्रम कल्याण विभाग की ओर से श्रमिक सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने श्रमिकों को सम्मान पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव तेजी से औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में स्टील प्लांट स्थापित करने की तैयारी चल रही है, जिसमें करीब 5 हजार करोड़ से 10 हजार करोड़ रुपये तक का निवेश प्रस्तावित है। इससे क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित यूरिया प्लांट की घोषणा पहले ही हो चुकी है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये होगी। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही इस परियोजना पर भी काम शुरू होने की संभावना है।
रोजगार के नए अवसरों पर जोर
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इन औद्योगिक परियोजनाओं के शुरू होने से जिले में बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में राजनांदगांव प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल होगा। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने एक महिला हितग्राही द्वारा संचालित ई-रिक्शा की सवारी भी की। उन्होंने महिला से बातचीत कर उसकी आजीविका और सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। इस दौरान मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना की।