{"_id":"69f47c5f8e7ee3496f0666cb","slug":"video-voices-raised-at-the-chaupal-for-the-development-and-rights-of-gangwa-hisar-2026-05-01","type":"video","status":"publish","title_hn":"चौपाल में उठी हिसार के गंगवा के विकास और हक की आवाज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चौपाल में उठी हिसार के गंगवा के विकास और हक की आवाज
गांव गंगवा में पुस्तकालय के पास सार्वजनिक चौक पर आयोजित चौपाल कार्यक्रम में गांव के विकास, जन सुविधाओं व गांव की समस्याओं को उठाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे जिला पंचायत एवं विकास अधिकारी नरेंद्र कुमार ने गांव के लोगों की समस्याओं को सुना। गांव के सरपंच भगवान दास ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। जिला पार्षद प्रतिनिधि मनोज टांक माही ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत एवं विकास अधिकारी नरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं के तहत गांवों का विकास किया जा रहा है। गंगवा को महाग्राम योजना में शामिल किया गया है। जिसमें करीब 78 करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। गांव में सीवरेज -पेयजल की योजनाओं के काम अंतिम चरण में हैं। यह काम जल्द ही पूरे होने वाले हैं। गांव में विकास कार्याें के चलते अधिकतर गलियां भी टूटी हैं। अब इन गलियों का नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा। ड्रेनेज के कार्य के चलते उड़ रही धूल को लेकर उन्होंने कहा कि इस बारे में अधिकारियों से विमर्श किया जाएगा। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर इसका समाधान कराएंगे। साथ ही भारी वाहनों को बाईपास से गुजारने के लिए डायवर्जन कराया जाएगा। पंचायत की ओर से लिखित में अनुरोध मिलते ही इस पर कार्रवाई कराएंगे।
चौपाल कार्यक्रम के तहत पिछले एक सप्ताह में प्रकाशित की गई खबरों को लेकर ग्रामीणों ने आभार जताया। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह से गांव की प्रमुख समस्याओं को उजागर करते रहने का अनुरोध किया। ग्रामीणों ने कहा कि समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में अमर उजाला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ग्रामीणों ने विधायक को लेकर गुस्सा जाहिर किया। पंचायत में पहुंचे लोगों ने कहा कि जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा ने गांव के लिए 78 करोड़ रुपये की ग्रांट दिलाई है। गांव के सरपंच भी काफी बजट ला रहे हैं। विधायक रणधीर पनिहार ने गांव के विकास के लिए कोई ग्रांट नहीं दी है। रामस्वरुप मंगलाव, हजारी माल, सुभाष माल, बगडावत माल, गोपीराम माल, अजय पारीक, प्रताप माल सहित अन्य ने विचार रखे।
गंदे पानी की समस्या का निदान कराया जाना बेहद जरूरी है। सीवरेज व बारिश का गंदा पानी नहरों में डाला जा रहा है। वही पानी मिक्स हो कर जलघरों के जरिए हमारे घरों तक पहुंच रहा है। पिछले साल से यह समस्या बेहद गंभीर हो चुकी है। बरवाला से हिसार के बीच में करीब 15 से 20 स्थानों पर भारी भरकम पाइप लाइन लगा कर गंदे पानी को नहर में डाला जा रहा है। गांव में पहले चार एकड़ में खेल स्टेडियम था। जिसे अब बढ़ा कर 6एकड़ में किया गया है। खिलाड़ियों के लिए प्रदेश सरकार की ओर से सुविधाओं में बढ़ोतरी की जानी चाहिए। गांव में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए कोच नियुक्त किए जाने चाहिएं। -मनोज टांक माही , जिला पार्षद प्रतिनिधि
गांव में इस समय महाग्राम का काम चल रहा है। जिसमें सीवरेज का काम 90 से 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। जिसे मेन लाइन से कनेक्ट किया जाना बाकी है। जल्द ही इसे कनेक्ट कर दिया जाएगा। गांव में सात एकड़ में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कराया गया है। गांव में पेयजल की आपूर्ति के लिए नई लाइन डाली गई हैं। गांव के जलघर को भी विस्तार दिया गया है। गांव के मुख्य रोड़ पर आजाद नगर से मुकलान बाईपास तक बड़ी ड्रेनेज लाइन डाली जा रही है। जिस कारण रोड़ पर बनी दुकानों तथा मकानों में रहने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसका समाधान कराया जाना चाहिए। -भगवान दास, सरपंच , गंगवा
गांव की समस्याओं में सबसे बड़ी समस्या हाइवे की है। भारी वाहनों को अगर बाईपास से गुजारा जाए तो काफी हद तक राहत मिल सकती है। इस समय राजगढ़ रोड पर नहर नाका से लेकर मुकलान बाईपास तक काम चल रहा है। पूरा ट्रैफिक एक ही लेन में चल रहा है। भारी वाहनों के चलते यहां काफी दिक्कतें हो रही हैं। इस कारण हादसे भी हो रहे हैं। जिसमें पिछले सप्ताह हमारे गांव में एक युवक की मौत भी हो चुकी है। -संजय शर्मा, ग्रामीण।
गांव के ब्रह्मचारी मंदिर के रास्ते के निर्माण व फिरनी के निर्माण के लिए कई बार बजट की मांग की । गांव में पिछले डेढ़ साल में विधायक दो बार आए हैं। हमारे गांव के विकास में बजट देकर विधायक को भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए। मैं करीब दस बार विधायक को फोन पर भी अनुरोध कर चुका हूं। बजट कम होने के चलते कई काम अधूरे हैं। -रामस्वरूप, ग्रामीण
गांव में बच्चों के लिए पुस्तकालय का निर्माण कराया जा रहा है। जिससे गांव के युवाओं को काफी फायदा होगा। मंत्री रणबीर गंगवा अपने खर्च पर इसका निर्माण करा रहे हैं। पुस्तकालय के लिए जमीन गांव की पंचायत ने दी है। अगले दो से तीन महीने में पुस्तकालय का काम पूरा होने की उम्मीद है। पुस्तकालय आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। -मनीराम, ग्रामीण।
गांव में हाल ही में सामुदायिक केंद्र का निर्माण कराया गया है। जिसमें कुछ थोड़ा बहुत काम बाकी है। अगर प्रदेश सरकार की ओर से ग्रांट जारी की जाए तो यह काम जल्द पूरा हो जाएगा। लोगों को इसका पूरा फायदा मिल सकेगा। गांव की गलियों का निर्माण भी जल्द ही पूरा होने की उम्मीद है। पंचायत विभाग के अधिकारियों से अनुरोध है कि कार्याें को तय समय पर पूरा कराएं। -गुरदयाल सिंह, ग्रामीण।
हमारे गांव की फिरनी को पक्का किए जाने की जरूरत है। जिसस गांव के लोगों को घूमने- फिरने के लिए एक विकल्प मिल सके। गांव के युवाओं को दौड़ लगाने के लिए सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। सीवरेज की लाइनों को विभाग जल्द से जल्द चालू कराए। बारिश के सीजन से पहले काम पूरे हो जाएं तो काफी हद तक राहत मिल जाएगी।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।