मंडला जिले के मनेरी चौकी क्षेत्र में निवास-बरेला मुख्य मार्ग स्थित अतुलित फिलिंग स्टेशन पर सोमवार तड़के हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बिना नंबर की स्कॉर्पियो से पहुंचे 6 से 7 नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे और अन्य हथियारों के बल पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों को धमकाया और कुल 93,875 रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है।
स्कॉर्पियो से पहुंचे नकाबपोश बदमाश
जानकारी के मुताबिक वारदात सोमवार सुबह करीब 2:30 बजे हुई। CCTV फुटेज में एक नकाबपोश पहले दीवार फांदकर पेट्रोल पंप परिसर में दाखिल होता नजर आ रहा है। कुछ देर बाद उसने अपने साथियों को इशारा किया, जिसके बाद एक स्कॉर्पियो से 6 से 7 नकाबपोश बदमाश पेट्रोल पंप पहुंचे।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो की आगे की नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि पीछे की नंबर प्लेट ढंकी हुई थी। वाहन से उतरते ही बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों को हथियार दिखाकर धमकाना शुरू कर दिया। CCTV फुटेज में दो बदमाशों के हाथों में कट्टे और अन्य बदमाशों के पास भी हथियार नजर आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें- मां हिंदुस्तानी, बाप चीनी...: अब बच्चों की पहचान पर क्यों खड़ा हुआ सवाल? 1962 के भारत-चीन युद्ध से जुड़ा मामला
एक कर्मचारी दीवार फांदकर भागा
हथियारबंद बदमाशों को देखकर पेट्रोल पंप कर्मचारी अभिषेक पटेल बाउंड्री वॉल फांदकर मौके से भाग गया और अपनी जान बचाई। वहीं दूसरे कर्मचारी को बदमाशों ने कट्टा अड़ाकर अपने कब्जे में लिया और उसकी जेब से करीब 9,400 रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद तीन बदमाश पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुस गए। उन्होंने कांच के दरवाजे का लॉक तोड़ा और जबरन अंदर प्रवेश किया। ऑफिस में रखी दराज का लॉक तोड़कर उसमें रखे कैश के दो पैकेट निकाल लिए। इन पैकेटों में 84,475 रुपये रखे हुए थे। कर्मचारी से लूटे गए 9,400 रुपये और ऑफिस से निकाले गए 84,475 रुपये मिलाकर बदमाश कुल 93,875 रुपये लेकर स्कॉर्पियो से मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई।
एसपी बोले- जल्द होगा वारदात का खुलासा
मामले को लेकर मंडला एसपी राजेश रघुवंशी ने बताया कि मनेरी चौकी क्षेत्र के पेट्रोल पंप पर सात लोग घुसे थे और वहां रखी करीब 90 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात में हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया है। एसपी ने बताया कि पुलिस को प्रारंभिक जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। वारदात में सात आरोपियों के शामिल होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। आरोपियों ने महिंद्रा कंपनी की स्कॉर्पियो का इस्तेमाल किया था। पुलिस को मिले अन्य इनपुट्स के आधार पर भी काम किया जा रहा है और जल्द ही घटना का खुलासा करने की स्थिति में पुलिस पहुंच सकती है।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
वारदात के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने संचालक को सूचना दी, जिसके बाद मनेरी पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने डकैती की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पेट्रोल पंप के CCTV फुटेज के साथ ही आसपास के इलाकों और आने-जाने वाले मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजेश रघुवंशी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस की टीमें आरोपियों की पहचान और उनकी स्कॉर्पियो का पता लगाने में जुटी हैं।