राजस्थान के कोटा जिले में दो थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात सामने आई है। जहां पर बोरखेड़ा इलाके में एक चोर ने ऑफिस में घुसकर गल्ले से रुपये निकाल कर फरार हो गया। वहीं, दूसरी तरफ दिनदहाड़े एक चोर कचोरी की दुकान पर खड़े एक ग्राहक की पॉकेट से रुपये चुरा लिए। दोनों घटनाओं का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
शहर के बोरखेड़ा थाना इलाके के बजरंग नगर में एल्युमीनियम की दुकान में घुसकर चोर ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान के बाहर लगे कूलर को तोड़कर चोर अंदर घुस गया और ऑफिस के गल्ले से 25 हजार रुपये, एक चांदी का सिक्का लेकर फरार हो गया। वहीं, वारदात करने से पहले चोर ने भगवान के मंदिर में हाथ भी जोड़े थे।
यह भी पढ़ें: मौज-शौक के लिए टाइमपास की कारस्तानी जान रह जाएंगे दंग, मंदिर और दुकान में चोरी का आरोपी गिरफ्तार
दुकान मालिक अजय कुमार ने बताया कि बजरंग नगर इलाके के स्टील ब्रिज कैनल रोड पर एल्युमीनियम फैब्रिकेशन की दुकान है। जहां पर एक चोर कूलर के रास्ते अंदर घुस गया और आधे घंटे तक अंदर ही मौजूद रहा। सीसीटीवी फुटेज में चोर साफ तौर पर चोरी करता नजर आ रहा है। उसने भगवान के मंदिर पर माचिस जलाकर चेक किया और हाथ भी जोड़े। वहीं, पुलिस का कहना है कि चोरी की शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश की जा रही है।
वहीं, दूसरी तरफ महावीर नगर इलाके में भी एक चोरी की वारदात सामने आई। जहां पर महावीर नगर थर्ड चौराहे पर बनी कचोरी की दुकान पर खड़े एक ग्राहक का पर्स अज्ञात व्यक्ति चुरा कर ले गया और फरार हो गया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। पीड़ित ने इसकी शिकायत महावीर नगर थाने में दी है।
यह भी पढ़ें: रिजका चारा की आड़ में हो रही थी अफीम की खेती, पकड़े गए 2200 पौधे
श्रीनाथपुरम सेक्टर तीन निवासी डॉक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि वह बच्चे के साथ कचोरी लेने महावीर नगर थर्ड चौराहे पर गया था। अंबे कचोरी की दुकान पर वह कचोरी पैक कर रहे थे। तभी पीछे खड़ा एक युवक बार-बार उनको धक्का दे रहा था। भीड़ अधिक होने के कारण पीड़ित ने इस और ध्यान नहीं दिया। जब वह कचोरी लेकर रवाना हुआ और रास्ते में जेब चेक की तो पर्स गायब मिला, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया। पीड़ित ने बताया कि पर्स के अंदर 1500 रुपये नकद, आधार कार्ड, दो डेबिट कार्ड और अन्य दस्तावेज मौजूद थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महावीर नगर पुलिस चोर की तलाश कर रही है।