देर से ही सही लेकिन सिरोही जिले में आखिरकार मानसून सक्रिय हो गया है। बीते 24 घंटों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा हिल स्टेशन माउंट आबू में 203 मिमी रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा आबूरोड में 26 मिमी, सिरोही में 95 मिमी, शिवगंज में 47.2 मिमी और देलदर में 131 मिमी बारिश हुई। रुक-रुककर हो रही बारिश से जिलेभर का मौसम खुशनुमा हो गया है, जबकि माउंट आबू में प्रकृति की मनमोहक छटा देखने को मिल रही है।
बारिश से मिली गर्मी और उमस से राहत
लगातार हो रही बारिश से लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली है। शनिवार को माउंट आबू सहित जिले के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे और बीच-बीच में बारिश होती रही। माउंट आबू में बारिश के साथ बादल जमीन तक उतर आए, जिससे पूरे क्षेत्र में घना कोहरा और धुंध का नजारा देखने को मिला। बारिश के कारण प्राकृतिक नालों और झरनों में भी पानी की आवक शुरू हो गई है। मौसम के इस खूबसूरत नजारे का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक माउंट आबू पहुंच रहे हैं। बाजारों में चाय-कॉफी की दुकानों, होटलों और गर्मागर्म नाश्ते के ठेलों पर भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है।
आबूरोड में बारिश बनी परेशानी का कारण
दूसरी ओर आबूरोड शहर में बारिश शुरू होते ही लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शहर के कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कांग्रेस कमेटी सिरोही के जिला सचिव एवं पूर्व पार्षद शमशाद अली अब्बासी ने बताया कि गांधीनगर वार्ड-28 में एलएंडटी द्वारा सीवरेज लाइन का कार्य बेहद धीमी गति से किया जा रहा है। कई दिनों पहले सीवरेज लाइन बिछाने के लिए वार्ड की गलियों को पूरी तरह खोद दिया गया था। इसके बाद तुरंत सीसी सड़क का निर्माण किया जाना था लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से पूरे क्षेत्र की स्थिति बदहाल हो गई है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: भारी बारिश के चलते रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें आज भी रद्द, रेलवे ने जारी किया नया अपडेट
बरसात के कारण टूटी हुई गलियों में पानी भर गया है, जिससे कीचड़ और जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। कई घरों में बारिश का पानी घुस रहा है, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही रोजमर्रा के आवागमन में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। शमशाद अली अब्बासी ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने नगर पालिका प्रशासन, एलएंडटी के अधिकारियों और संबंधित विभाग को कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया है लेकिन अब तक न तो समस्या का समाधान किया गया और न ही कार्य में तेजी लाई गई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की उदासीनता का खामियाजा वार्ड की आम जनता भुगत रही है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों के नाम पर जनता को परेशानी में डालना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। यदि सीवरेज कार्य शीघ्र पूरा कर क्षतिग्रस्त गलियों पर सीसी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया और जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान नहीं किया गया तो वार्डवासियों के साथ मिलकर संबंधित विभाग और नगर पालिका के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।