हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अरविंद कुमार उर्फ भगत मुखिया के घर रविवार को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर ढोल-बाजे के साथ इश्तेहार चस्पा किया। यह कार्रवाई बाढ़ थाना क्षेत्र के जलगोविंद में धर्मवीर पासवान की हत्या के मामले में की गई।
इश्तेहार चस्पा करने पहुंची पुलिस का विरोध
बाढ़ थाने की पुलिस जब इश्तेहार चस्पा करने पहुंची तो भगत मुखिया के परिजनों ने विरोध किया। परिजनों का आरोप है कि विरोध के बावजूद पुलिस ने भगत मुखिया के बड़े भाई धर्मवीर के घर पर नोटिस चिपका दिया। परिजनों का कहना है कि पांच साल पहले भगत मुखिया के पिता राजेश्वर महतो ने दोनों भाइयों के बीच संपत्ति का बंटवारा कर दिया था। उनके अनुसार, भगत मुखिया के हिस्से में घर का दालान आता है। उन्होंने बताया कि बंटवारे का कागज भी पुलिस को दिखाया गया, लेकिन इसके बावजूद नोटिस बड़े भाई के घर पर चिपका दिया गया।
पढ़ें: पश्चिम एशिया के हालात पर संजय झा ने जताई चिंता, कहा- UAE में रह रहे बिहारियों की सुरक्षा पर सरकार सतर्क
परिवार ने जताई जान का खतरा
भगत मुखिया के पिता ने कहा कि उन्हें आए दिन जान से मारने की धमकी मिलती रहती है। उनका कहना है कि कई दिनों से कुछ बदमाश रात में घर के पास फायरिंग कर दहशत फैलाकर भाग जाते हैं। बाढ़ थाना के एसएचओ ब्रजकिशोर कुमार सिंह ने कहा कि भगत मुखिया इसी घर में रहता है। अगर परिजनों को लगता है कि गलत जगह नोटिस चस्पा किया गया है तो वे कोर्ट जा सकते हैं। उन्होंने साफ किया कि पुलिस ने फरार आरोपी के दर्ज पते पर ही कार्रवाई की है। यह कदम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उठाया गया है। एसएचओ ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।