जिले के देवरी विधानसभा क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया की बेटी प्रियंका पटेरिया पर एक युवक के साथ बैंक के बाहर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में सियासी माहौल गरमा गया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक पीड़ित राजेश शर्मा सोमवार (13 अप्रैल) को किसी काम से गौरझामर स्थित बैंक गया था। राजेश का आरोप है कि बैंक के अंदर उसे संदेश मिला कि विधायक की बेटी प्रियंका पटेरिया बाहर सफेद स्कॉर्पियो में बैठी हैं और उसे बुला रही हैं।
ये भी पढ़ें: Indore: वंदे मातरम का बहिष्कार करने वाली पार्षद रुबीना पहुंची थाने, पुलिस अफसरों ने लिए बयान
राजेश जैसे ही गाड़ी के पास पहुंचा आरोप है कि प्रियंका ने उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। पीड़ित के अनुसार प्रियंका ने उसे जूते से मारा और कहा कि तुम मेरे पापा के खिलाफ काम कर रहे हो। मारपीट की यह पूरी घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में कथित तौर पर विवाद और धक्का-मुक्की साफ दिखाई दे रही है। पीड़ित राजेश शर्मा ने गौरझामर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले के पीछे राजनीतिक और पारिवारिक रंजिश की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पीड़ित राजेश शर्मा, विधायक के सगे भतीजे विनीत पटेरिया के साथ रहता है और दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।
गौरझामर थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित का आरोप है कि मामला प्रभावशाली परिवार से जुड़ा होने के कारण एफआईआर दर्ज करने में देरी की जा रही है।