पटनासिटी के सुलतानगंज थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लहपुर हाट में बुधवार देर रात मामूली विवाद हिंसक घटना में बदल गया। आलू-प्याज के कारोबारी सोनू (35) और उनके छोटे भाई आकाश (21) को अपराधियों ने गोली मार दी। घटना में सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आकाश का इलाज गंभीर हालत में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मुसल्लहपुर हाट में सोनू का किसी व्यक्ति से विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपी ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों भाइयों को तुरंत पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) पहुँचाया। चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि आकाश की स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
पढ़ें: मोबाइल चोरी विवाद में दरभंगा में पत्थरबाजी, चार गिरफ्तार, छह घायल; इलाके में अफरातफरी
घटना की सूचना मिलते ही सुलतानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी ने लगभग तीन राउंड फायरिंग की। पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की पहचान कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कबाड़ी का काम करता है और इसी इलाके का निवासी है।
सिटी एसपी ने बताया कि एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा। इधर, मुसल्लहपुर हाट के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है। लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।