गौरेला पेंड्रा मरवाही में गौरेला बाईपास स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास स्थित रेलवे ठेकेदार के स्टोर में अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही काला धुआं उठता दिखाई दिया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय स्टोर से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही पेंड्रा से फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
बताया जा रहा है कि स्टोर में रेलवे निर्माण कार्य से संबंधित लोहे के सामान, केबल, रबड़ के उपकरण व अन्य सामग्री रखी हुई थी, जो आग की चपेट में आकर जल गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में रेलवे ठेकेदार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का सही आकलन किया जाना अभी बाकी है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या लापरवाही के चलते आग लगी हो सकती है। पुलिस व संबंधित विभाग ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।समय रहते दमकल टीम की तत्परता से आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।