फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि पर आज शुक्रवार सुबह भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल के दरबार मे हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इस दौरान भक्तों ने देर रात से ही लाइन में लगकर अपने ईष्ट देव बाबा महाकाल के दर्शन किए। आज बाबा महाकाल भी भक्तों को दर्शन देने के लिए सुबह 4 बजे जागे, जिनका भस्म रमाकर आकर्षक शृंगार किया गया। भक्तों ने इन दिव्य दर्शनों का लाभ लिया, जिससे पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल की गूंज से गुंजायमान हो गया।
श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर मे फाल्गुन माह शुक्ल पक्ष की आमलकी एकादशी तिथि पर आज शुक्रवार सुबह 4 बजे भस्म आरती हुई। इस दौरान वीरभद्र जी से आज्ञा लेकर मंदिर के पट खुलते ही पण्डे-पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन-अर्चन किया, जिसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर पंचामृत और फलों के रस से किया गया। पूजन के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया।
पुजारियों और पुरोहितों ने इस दौरान बाबा महाकाल का आकर्षक स्वरूप मे शृंगार कर कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को नवीन मुकुट धारण कराया, जिसके बाद महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल के शिवलिंग पर भस्म अर्पित की गई और फिर झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़े और शंखनाद के साथ भस्मारती हुई।
आज के शृंगार की विशेषता यह थी कि आज बाबा महाकाल का त्रिपुंड, चन्द्रमा और बेल पत्र के साथ ही भांग का शृंगार कर बाबा महाकाल को भस्म अर्पित की गई। आज बाबा महाकाल के इस आलौकिक स्वरूप के दर्शनों का लाभ हजारों भक्तों ने लिया और जय श्री महाकाल का जयघोष भी किया। मान्यता है कि भस्म अर्पित करने के बाद भगवान निराकार से साकार स्वरूप मे दर्शन देते हैं।
क्रिकेटर कर्ण शर्मा और सिद्धार्थ कौल ने किए महाकाल के दर्शन
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी कर्ण शर्मा एवं सिद्धार्थ कौल बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के निराकार से साकार स्वरूप के दर्शन किए, यहां उन्होंने चांदी द्वार से बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन किया और उसके बाद नंदीजी के कानों में अपनी मनोकामना भी कही।
महाकालेश्वर मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी कर्ण शर्मा और सिद्धार्थ कौल आज बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आए थे जहां उन्होंने बाबा महाकाल की भस्म आरती देखी और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
भस्म आरती और दर्शन - फोटो : credit
भस्म आरती और दर्शन - फोटो : credit
भस्म आरती और दर्शन - फोटो : credit