{"_id":"69b212a3e2be05428f059b25","slug":"video-theft-of-524-gas-cylinders-revealed-ssp-bbgts-murthy-giving-information-2026-03-12","type":"video","status":"publish","title_hn":"524 गैस सिलिंडर चोरी का खुलासा, जानकारी देते एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
524 गैस सिलिंडर चोरी का खुलासा, जानकारी देते एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति
झांसी ब्यूरो
Updated Thu, 12 Mar 2026 06:40 AM IST
करारी स्थित गैस प्लांट के पास से 524 सिलिंडर से भरे ट्रक की चोरी के मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। बदमाश ट्रक चोरी कर सभी सिलिंडर समथर की एक गैस एजेंसी को 13 लाख रुपये में बेचने जा रहे थे। पुलिस ने गैस एजेंसी संचालक शुभांकर परिहार समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से 524 सिलिंडर (389 भरे और 135 खाली), 11.10 लाख रुपये नकद, सिलिंडर बेचने से मिले 83,820 रुपये के अलावा एक तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के न्यू रायगंज निवासी नीरज कुमार अग्रवाल ने ट्रक चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। ट्रक करारी स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन से संबद्ध था और उसमें भरे 524 सिलिंडर झांसी से गजनेर (कानपुर देहात) भेजे जाने थे। होली के कारण दो मार्च को चालक ट्रक को प्लांट के बाहर खड़ा कर चला गया था। इसी बीच 5/6 मार्च की रात ट्रक चोरी हो गया। अगले दिन खाली ट्रक पारीछा में एक ढाबे के पास मिला।
मामले की जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। 10 मार्च की देर रात ग्वालियर रोड स्थित गैस गोदाम से करीब 50 मीटर दूर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद जावेद (निवासी गड़िया फाटक, नगरा), आमिर (निवासी काली मर्दन, समथर), रितिक (निवासी इमामबाड़ा, प्रेमनगर) और सुमित अहिरवार (निवासी स्कूलपुरा, नगरा) को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक तमंचा, दो कारतूस, एक खोखा और बाइक बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने समथर स्थित गैस एजेंसी पर छापा मारकर संचालक शुभांकर परिहार, अभिषेक कुशवाहा और सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी संचालक ने बताया कि 135 सिलिंडर बेचकर उसने 83,820 रुपये कमाए थे, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। वहीं जावेद की निशानदेही पर उसके घर से 11 लाख 10 हजार रुपये बरामद किए गए। एसएसपी के मुताबिक रितिक और जावेद पहले नीरज अग्रवाल का ट्रक चलाते थे। दोनों को नौकरी से हटा दिया गया था। आरोपियों ने बताया कि नीरज पर उनके करीब 70 हजार रुपये बकाया थे। कई बार मांगने के बावजूद रकम नहीं मिलने पर दोनों ने ट्रक चोरी की साजिश रची। इसमें सुमित को भी शामिल कर लिया और तीनों ने समथर की गैस एजेंसी के मुनीम से संपर्क कर सिलिंडर बेचने का सौदा कर लिया।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।