मध्य प्रदेश के मां शारदा मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। यदि आप आने वाले दिनों में मैहर में माता के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है। चैत्र नवरात्रि से पहले मंदिर तक पहुंचने वाला रोपवे (उड़नखटोला) 05 मार्च 2026 से 14 मार्च 2026 तक पूरी तरह बंद रहेगा।
सुरक्षा और रखरखाव के चलते लिया गया फैसला
मैहर स्थित त्रिकूट पर्वत पर विराजमान मां शारदा के दर्शन के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। विशेष रूप से चैत्र नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक हो जाती है, जिससे रोपवे पर भी भारी दबाव रहता है। मैहर एसडीएम दिव्या पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रोपवे का आवश्यक मेंटेनेंस कराया जाएगा। इसी कारण 5 मार्च से 14 मार्च तक रोपवे का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
पढ़ें: डिंडोरी में सड़क पर संग्राम: रामबाई धर्मशाला के सामने दो गुटों में जमकर मारपीट, इलाके में मची अफरा-तफरी
NDRF की टीम करेगी सुरक्षा जांच
मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद रोपवे की सुरक्षा की अंतिम जांच की जाएगी। इसके लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की विशेष टीम द्वारा रोपवे का निरीक्षण किया जाएगा। सभी सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने के बाद 15 मार्च 2026 से रोपवे का संचालन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।
सीढ़ियों के रास्ते होंगे दर्शन
रोपवे बंद रहने के दौरान श्रद्धालुओं को माता के दरबार तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों वाले मार्ग का उपयोग करना होगा। त्रिकूट पर्वत पर स्थित मंदिर तक पहुंचने के लिए 1000 से अधिक सीढ़ियां चढ़कर श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी जानकारी के अनुसार बनाएं। साथ ही, इस अवधि में होने वाली असुविधा के लिए प्रबंधन ने खेद भी जताया है।