{"_id":"6a830debaa7cfa4af00f8350","slug":"video-video-hatayarapaya-ka-ghara-para-bldajara-calna-ka-maga-cara-ghata-samajhana-ka-btha-mataka-shamashara-ka-haaa-atama-sasakara-2026-08-17","type":"video","status":"publish","title_hn":"VIDEO: हत्यारोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग, चार घंटे समझाने के बाद मृतक शमशेर का हुआ अंतिम संस्कार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
VIDEO: हत्यारोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग, चार घंटे समझाने के बाद मृतक शमशेर का हुआ अंतिम संस्कार
हैदरगढ़/सुबेहा। कोलवा के पूरे गुमान गांव में सोमवार दोपहर शमशेर (70) का शव गांव पहुंचा। परिजन हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और उनके घर पर बुलडोजर चलवाने की मांग करने लगे। करीब चार घंटे समझाने के बाद शमशेर का अंतिम संस्कार करने के लिए घरवाले राजी हुए। दोपहर बाद सांसद तनुज पुनिया भी पहुंचे और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। गांव में अभी भी भारी संख्या में पुलिसबल तैनात है।
मृतक शमशेर के बेटे मुश्ताक ने सोमवार को एसडीएम अश्वनी सिंह को एक मांगपत्र भी सौंपा, जिसमें हत्यारोपियों पर गुंडा एक्ट, गैंगस्टर संग राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) की कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही जानमाल की रक्षा की गुहार लगाई गई। इसके अलावा 10 बीघा जमीन का पट्टा करने और बेटियों की शादी के लिए 25 लाख रुपये की मदद मांग गई। मुश्ताक ने एक अन्य युवक का नाम लिया और बताया कि वह भी वारदात में शामिल था। वह फौज में नौकरी करता है। उसके पिता इस मामले में नामजद हैं।
पिता-पुत्र सहित नौ पर दर्ज है एफआईआर
शमशेर के बेटे मुश्ताक ने गांव के विक्रमजीत, उनके दोनों बेटे रोशन और गुलशन, पृथ्वीराज सिंह, श्यामजीत सिंह, सूरज सिंह, पूरे अहिरन के संदीप सिंह, किरसिया के मोहित सिंह, पूरे राजवन के कल्लू सिंह व अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया है। इनमें से संदीप, पृथ्वीराज, कल्लू और मोहित को रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। अन्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
ये है मामला
ग्रामीणों के मुताबिक, शमशेर अली के घर के पास करीब ढाई बिस्वा सरकारी बंजर भूमि (गाटा संख्या 405) है। इसी पर कब्जे को लेकर विक्रमजीत के साथ कई साल से शमशेर का विवाद चल रहा था। शमशेर ने परिवार की निजी भूमि का एक हिस्सा होलिका के लिए छोड़ दिया और बंजर खाते की ढ़ाई बिस्वा भूमि पर किसी का कब्जा नहीं होने को लेकर विक्रमजीत से लिखित समझौता किया था। इसके बावजूद दोनाें पक्षों के बीच तनातनी बनी रही। इसी को लेकर रविवार को गांव में बवाल हो गया। मुश्ताक का आरोप है कि विक्रमजीत के बेटे रोशन ने विवादित भूमि को ट्रैक्टर से जोतना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उनके पिता शमशेर अली, राशिद, सजीदुलनिशां और बदरुनिशां को ट्रैक्टर से रौंदने की कोशिश की। बाकी छह लोगों को लाठी डंडों से जमकर मारापीटा। इनमें बदरुनिशां गर्भवती हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
गांव में हुआ अंतिम संस्कार
शमशेर के घरवालों को एसडीएम अश्वनी कुमार सिंह ने समझाया। उन्होंने हत्याराेपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की बात कही। साथ ही अन्य आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद दोपहर 4:30 बजे शमशेर का अंतिम संस्कार गांव में ही किया गया।
सांसद ने की मुलाकात
कांग्रेस नेता व सांसद तनुज पुनिया, पूर्व विधायक राम मगन रावत, पप्पू सिद्दीकी और धीरज यादव समर्थकों के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई व हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
चार थानों की पुलिस तैनात
पूरे गुमान में सुबेहा, हैदरगढ़, कोठी और लोनीकटरा थानों की पुलिस तैनात की गई है। पीड़ित व आरोपियों के घरों पर नजर रख जा रही है। एसडीएम अश्विनी कुमार सिंह और सीओ समीर कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
मामले पर सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि छोटी-छोटी बच्चियों के पीट, गले और गर्दन में लाठी डंडों के निशान हैं। सरेआम गुंडागर्दी की गई है। जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, हम शांत नहीं बैठेंगे। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाकर रहेंगे। परिजनों की मांग है कि जो-जो इसमें शामिल थे, उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उनके घर पर बुलडोजर चलाया जाए। ये जायज मांग है और हम इनको न्याय दिलवाएंगे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।