जिले में बमीठा और गुलगंज थाना क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चार अंतर्राज्यीय चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अगम जैन ने मंगलवार को जिला मुख्यालय के पुलिस कॉन्फ्रेंस हॉल में इस मामले का खुलासा किया। पकड़े गए चोरों के पास से करीब 29 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन और मोबाइल फोन शामिल हैं।
फरवरी में जिले में हुई थीं 25 चोरियां
एसपी अगम जैन ने बताया कि फरवरी माह में बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम घूरा, पीरा, हरपुरा, सीलौन, ओंटा पुरवा सहित 16 स्थानों और गुलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बंधा सहित 9 स्थानों पर चोरियों की वारदात हुई थीं। इन वारदातों में शामिल अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों को चिन्हित कर अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने चोरियों की बात कबूल कर ली।
ये भी पढ़ें: सतना के पांच व्यापारियों ने की 200 करोड़ की टैक्स चोरी, सात दिन की कार्रवाई के बाद निकला हिसाब
गिरफ्तार चोरों की पहचान इस प्रकार हुई है
इमरान नट पुत्र सुबेदार, निवासी कबरई, जिला महोबा (उत्तर प्रदेश)
अंकित पुत्र रोहित सिंह, निवासी आलमपुरा, जिला महोबा (उत्तर प्रदेश)
रियाज खान पिता मोहम्मद कदीर, निवासी समद नगर, महोबा (उत्तर प्रदेश)
पप्पू पुत्र भागीरथ कुशवाहा, निवासी बक्सवाहा, जिला छतरपुर
वहीं, घटना में शामिल एक अन्य आरोपी कालीचरण कुशवाहा (निवासी महोबा) अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
एसपी जैन ने बताया कि मुख्य आरोपी इमरान नट पहले भी आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। गिरफ्तार चोरों के पास से पुलिस ने करीब 9 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण (5 किलो चांदी और 47 ग्राम सोना) जब्त किए हैं। इसके अलावा होंडा सिटी कार और स्विफ्ट डिजायर कार (घटना में प्रयुक्त वाहन), आईफोन सहित चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
बाइक चोरी गिरोह का भी भंडाफोड़
एसपी जैन ने बताया कि जिले के खजुराहो, राजनगर, सटई और गौरिहार थाना क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह के चार सदस्यों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं
इनकी निशानदेही पर 11 चोरी की बाइक बरामद की गई हैं। हालांकि, गिरोह से जुड़े एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है, जबकि गौरिहार थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक बाइक बरामद कर ली गई है।
इनकी रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी खजुराहो नवीन दुबे, एसडीओपी बड़ा मलहरा, थाना प्रभारी बमीठा निरीक्षक आशुतोष श्रोत्रिय, थाना प्रभारी गुलगंज उप निरीक्षक गुरु दत्त शेषा, साइबर सेल प्रभारी, और अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार आरोपी को पकड़ने के लिए अभियान तेज कर रही है।