लखीमपुर खीरी जनपद में भीषण गर्मी से जहां इंसान बेहाल हैं, वहीं दुधवा टाइगर रिजर्व (डीटीआर) के जंगल में स्वछंद विचरण करने वाले बाघ, तेंदुआ, हिरन, पक्षी समेत अन्य वन्यजीव भी तरावट की तलाश में जलाशयों और वाटरहोल्स तक पहुंच रहे हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व के एफडी डॉ. एच राजामोहन और पार्क के उप-निदेशक जगदीश आर ने बताया कि इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी में दुधवा समेत बफरजोन के जलाशयों, वॉटरहोल्स और प्राकृतिक जलस्रोतों में भरे पानी में बाघ, तेंदुए, जंगली हाथी, हिरन, भालू, बंदर समेत स्थानीय पक्षियों के झुंडों को जल विहार का आनंद उठाते देखा जा रहा है।
यह वन्यजीव वॉटरहोल्स में भरे पानी और जलाशयों में अपनी प्यास बुझाते और गोता लगाते देखे जा रहे हैं। शनिवार को दक्षिण सोनारीपुर रेंज के एक वॉटरहोल में एक बाघ को पानी पीते और गोता लगाते देख गश्ती टीम में शामिल डिप्टी रेंजर सुरेंद्र कुमार ने इस नजारे को कैमरे में कैद कर लिया।